Homeबिहारबेतियास्वस्थ, जागरुक एवं योगमय समाज के निर्माण के संकल्प के साथ 12...

स्वस्थ, जागरुक एवं योगमय समाज के निर्माण के संकल्प के साथ 12 वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सम्पन्न

-

देशवाणी 

बेतिया : पश्चिम चम्पारण जिला में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, एवं खेल विभाग, पश्चिम चम्पारण के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस लाइन चेक पोस्ट, बेतिया में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ रहा, जिसके अनुरुप जिला के खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, पदाधिकारियों एवं आमजन ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पश्चिम चम्पारण के जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि आज के भागदौड़ भरी जीवनशैली में तनाव, अवसाद, शारीरिक निष्क्रियता तथा मानसिक असंतुलन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। योग इन चुनौतियों का प्रभावी समाधान है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि व्यक्ति के संपूर्ण व्यक्तित्व के विकास का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत तथा जीवन अनुशासित बनता है।

सामूहिक योग सत्र का संचालन नेशनल योगासन जज, पश्चिम चंपारण योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के जिला सचिव एवं योगाचार्य पवन कुमार ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराते हुए योग के वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। योगाचार्य पवन कुमार ने कहा कि योग व्यक्ति को स्वयं से जोड़ते हुए जीवन को समग्रता से देखने की दृष्टि प्रदान करता है। जब मनुष्य अपने भीतर के द्वंद्व को समाप्त कर लेता है, तब वह सत्य और आत्मबोध की दिशा में अग्रसर होता है। योग केवल स्वास्थ्य का साधन नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित, सकारात्मक एवं सार्थक बनाने का विज्ञान है।

कार्यक्रम में प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप 2026 में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर देश, बिहार एवं पश्चिम चंपारण का नाम विश्व पटल पर स्थापित करने वाले सारांश कुमार को जिला पदाधिकारी ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सारांश कुमार को विश्व स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले उनके प्रशिक्षक योगाचार्य पवन कुमार को विशेष प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। जिला प्रशासन ने योगासन खेल के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण एवं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं के निर्माण में उनके योगदान की प्रशंसा किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला खेल कार्यालय के सहायक अमरेंद्र कुमार सिंह, संदीप कुमार राय एवं अजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सहयोगी प्रशिक्षक के रूप में कुमार शशि भूषण ने सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन कृष्ण मोहन प्रसाद ने किया, जबकि प्रशांत सौरभ के बांसुरी वादन ने पूरे वातावरण को योगमय एवं आध्यात्मिक बना दिया।

आयोजन की सफलता में पश्चिम चंपारण योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के योग वॉलिंटियर्स किशन कुमार, रजनीश कुमार, अविनाश कुमार, अखिलेश कुमार, सिंपल कुमारी, वंदना कुमारी, डिंपल कुमारी, सुजाता, स्मिता, अभिराज, आदित्य, आशीष सहित अन्य स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, जागरुक एवं योगमय समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।

Related articles

Bihar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest posts