spot_img
Thursday, July 23, 2026
Homeबिहारसेमरा स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में लगी भीषण...

सेमरा स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में लगी भीषण आग, टला बड़ा हादसा

-

देश वाणी। दिलीप दुबे

मोतिहारी। मुजफ्फरपुर-सुगौली रेल खंड के सेमरा स्टेशन के पास रविवार की दोपहर रेलवे ट्रैक के किनारे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की इस घटना से कुछ समय के लिए रेल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, सुरक्षा बलों और दमकल विभाग की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

बापूधाम मोतिहारी के आरपीएफ पोस्ट कमांडर भरत प्रसाद ने बताया कि दोपहर 11:40 बजे सेमरा स्टेशन के नजदीक किलोमीटर संख्या 178/9 से 178/17 के बीच अचानक आग की लपटें उठती देखी गईं। रेलवे ट्रैक के बिल्कुल बगल में उगी सूखी झाड़ियों और उससे सटे कुछ निजी खेतों के खरपतवार में आग तेजी से फैलने लगी। धुएं और लपटों को देखकर सेमरा स्टेशन प्रशासन ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों व मोतिहारी फायर ब्रिगेड को दी।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मोतिहारी की टीम दमकल वाहनों के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुँची। आरपीएफ और स्थानीय रेल कर्मियों के सहयोग से दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला और करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 02:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग से रेल परिसर और आसपास की निजी भूमि की झाड़ियाँ व खरपतवार जलकर खाक हो गए।

राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में रेलवे की किसी भी तरह की सिग्नलिंग, ओवरहेड तार या अन्य तकनीकी संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुँचा है। सतर्कता के कारण सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय से चलती रहीं और कोई भी गाड़ी लेट नहीं हुई। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, आरपीएफ और रेल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

Related articles

Bihar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
spot_img

Latest posts