HomeUncategorizedहरसिद्धि के धनखरैया में सड़क किनारे मक्का के खेत में मिला युवक...

हरसिद्धि के धनखरैया में सड़क किनारे मक्का के खेत में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका, पुलिस ने बुलाया खोजी कुत्ता

Motihari | आशा कुमारी |

मेतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र अंतर्गत हरसिद्धि-छपवा मुख्य पथ पर धनखरैया पेट्रोल पंप के समीप उस समय सनसनी फैल गयी, जब सड़क किनारे मक्का के खेत में एक युवक का शव बरामद हुआ।

मृतक की पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के परसौना गांव निवासी स्वर्गीय सुखल साह के 30 वर्षीय पुत्र रमेश साह के रूप में की गयी है। घटना की सूचना मिलते ही हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

मौके पर FSL व डॉग स्क्वायड की टीम पहुंच जाँच शुरू की है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह आशंका जतायी जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और कर, शव को यहां लाकर फेंक दिया गया है।

पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गयी है। हत्या के पीछे के कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश और दोस्ती में दुश्मनी जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा घटनास्थल के आसपास साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

बताया जाता है कि मृतक रमेश साह के तीन बहनों की शादी घटना स्थल से महज आधा किलोमीटर दूर पनापुर गांव में हुई है। घटना की खबर मिलते ही बहनों के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों का कहना है कि रमेश अपने घर से रविवार को बाइक से घर से निकला था। लेकिन बहन के घर भी नहीं पहुंचा था।

ग्रामीणों के अनुसार रमेश साह अपने बहनोई के पास नेपाल में रहकर काम करता था, जहां उसके बहनोई की दुकान है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये और पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले के उद्भेदन का दावा कर रही है।

Motihari dead-body-youth-found-in-the-maize-field-on-the-roadside-in-harsidhi

spot_img
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular