पॉक्सो एक्ट मामले में फरार चल रहा आरोपित भी पुलिस के हत्थे चढ़ा।
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा और उनसे जुड़े मामलों को लेकर लौरिया थाना पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। थाना क्षेत्र में लड़की भगाने को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं और नाबालिग के अपहरण से जुड़े पॉक्सो एक्ट मामले में पुलिस ने कुल नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
पहली घटना बसवरिया पराउटोला पंचायत के एक गांव की है। यहां एक लड़की को भगाने को लेकर ग्रामीण स्तर पर पंचायती हुई थी। इसके बाद लड़की को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। इसी बात को लेकर दशरथ महतो और राजेश महतो के परिजनों के बीच विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया। मामले में राजेश महतो, पिंटू महतो, बृजेश महतो, बड़ा लखनदार उर्फ सिकंदर और सतन महतो को गिरफ्तार किया गया।
वही दूसरी घटना गोनौली डुमरा पंचायत की एक गांव की है। यहां भी लड़की भगाने के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। दोनों पक्षों के आवेदन और पुलिस जांच के आधार पर गुलशन कुमार, सुनील कुमार और जय नारायण राम को गिरफ्तार किया गया।
वहीं नाबालिग के अपहरण से जुड़े पॉक्सो एक्ट में फरार चल रहे नागेंद्र यादव (24), निवासी रामपुर पोखरवा टोला थाना शिकारपुर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष इन्द्रजीत पासवान ने बताया कि तीनों मामलों में पुलिस ने जांच और प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है।



