–लगभग 600 किमी का सफर होगा आसान, यूपी-बिहार के प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को नई मजबूती देते हुए भारतीय रेल ने ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ (गाड़ी सं. 15596/15595) साप्ताहिक सेवा का शुभारंभ किया है। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या धाम और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर धाम को जोड़ने वाली यह ट्रेन लगभग 600 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इससे रामायण सर्किट के पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी और सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा।
पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया है कि यह ट्रेन अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच उत्तर प्रदेश के मनकापुर, बस्ती व गोरखपुर तथा बिहार के नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी व जयनगर स्टेशनों पर रुकेगी। जनकपुर धाम स्टेशन से प्रसिद्ध जानकी मंदिर की दूरी मात्र 1.25 किलोमीटर है, जहां श्रद्धालु ई-रिक्शा, ऑटो, टैक्सी या पैदल आसानी से पहुंच सकेंगे। इससे तीर्थयात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और स्थानीय कारीगरों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
रेलवे बोर्ड ने इस पूर्णतः आरक्षित ट्रेन के लिए विशेष नियम तय किए हैं। इसमें केवल भारत और नेपाल के नागरिक वैध पहचान-पत्र के साथ यात्रा कर सकेंगे। आरक्षण के दौरान पहचान-पत्र व राष्ट्रीयता दर्ज होगी, जबकि काउंटर बुकिंग में आईडी के अंतिम चार अंक लिए जाएंगे। टिकट बुकिंग 60 दिन पहले तक कराई जा सकेगी और केवल कन्फर्म टिकट ही जारी होंगे। इसमें 70% सीटें ‘एंड टू एंड’ और 30% ‘रोड साइड’ कोटा के लिए होंगी। तत्काल, सीनियर सिटिजन कोटा या आरएसी की सुविधा नहीं होगी।
प्रत्येक यात्री अधिकतम दो सामान ले जा सकेंगे। निःशुल्क सामान सीमा प्रथम एसी में 70 किग्रा, द्वितीय एसी में 50 किग्रा तथा तृतीय एसी व स्लीपर में 40 किग्रा तय है। पार्सल बुकिंग नहीं होगी और बच्चों का किराया मौजूदा एक्सप्रेस नियमों के अनुसार लागू रहेगा।



