चनपटिया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 354 लीटर नेपाली कस्तूरी शराब बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। हालांकि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही धंधेबाज मौके से फरार हो गए।
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि सोमवार की अहले सुबह सूचना मिली थी कि भैसही गांव के समीप एक बसवारी में भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सतन सह की बसवारी में छापेमारी की। तलाशी के दौरान जूट के बोरे में छिपाकर रखे गए 1183 पीस नेपाली कस्तूरी शराब बरामद किए गए। जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 354 लीटर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार शराब को तस्करी के उद्देश्य से सुरक्षित ठिकाने पर रखा गया था। छापेमारी के दौरान किसी धंधेबाज की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, क्योंकि पुलिस पहुंचने से पहले ही सभी मौके से फरार हो गए।
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि जब्त शराब को थाना लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही फरार कारोबारियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अभियान में एसआई दिलीप कुमार सिंह, एसआई प्रिंस कुमार समेत पुलिस बल के जवान शामिल रहे।












