- ढाई दशक से पत्रकारिता से जुड़े रहे
माला सिन्हा
पीपराकोठी : हिन्दी दैनिक समाचार पत्र के वरीय पत्रकार रामसागर सिंह चंदेल का रविवार को अचानक हृदयगति रुक जाने से निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही पत्रकारिता जगत सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. उनके अंतिम दर्शन के लिए शुभचिंतकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और परिचितों के उनके पैतृक गांव खैरी माल में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया. उनके निधन से क्षेत्र ने एक अनुभवी, मिलनसार और सकारात्मक सोच वाले पत्रकार को खो दिया है. रामसागर सिंह चंदेल पिछले करीब ढाई दशक से प्रभात खबर अखबार से जुड़कर पत्रकारिता कर रहे थे. अपने लंबे पत्रकारिता जीवन के दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं, जनसरोकारों और सामाजिक गतिविधियों को प्रमुखता से उठाया. उनकी खबरों में सकारात्मक दृष्टिकोण और जनहित के मुद्दों को विशेष स्थान मिलता था. अपने कुशल व्यवहार, सरल स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण उन्होंने समाज के हर वर्ग के लोगों के बीच विशिष्ट पहचान बनाई थी. उनके निधन की खबर से परिवार के सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घर में मातम पसरा हुआ है, वहीं आसपास के लोगों में भी गहरा शोक व्याप्त है. वे अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र, पांच पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनके जाने से परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है. उनके निधन पर क्षेत्र के लोगों और पत्रकारिता से जुड़े व्यक्तियों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है. शोक जताने वालों में रामनरेश सिंह, अभिमन्यु सिंह, रितेश सिंह, लोकप्रिय राजेश, सोमनाथ पाण्डेय, रत्नेश्वर शर्मा, सौरभ राज, रामप्रकाश शर्मा और आलोक शर्मा सहित अन्य लोग शामिल हैं. शोक व्यक्त करने वालों ने कहा कि रामसागर सिंह चंदेल का सरल व्यवहार, पत्रकारिता के प्रति समर्पण और सकारात्मक खबरों के माध्यम से समाज के प्रति उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा. उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए एक बड़ी क्षति है.



