तीन महीने बाद महानगरपालिका कार्यालय पहुंचे, कर्मचारियों को कार्यशैली सुधारने की चेतावनी
रक्सौल।अनिल कुमार। विशेष अदालत से भ्रष्टाचार के मामले में सफाई मिलने के बाद स्वतः बहाल हुए वीरगंज महानगरपालिका के मेयर राजेशमान सिंह ने तीन महीने बाद बुधवार को महानगरपालिका कार्यालय पहुंचकर दोबारा पदभार ग्रहण किया। विशेष अदालत ने सिंह सहित सात आरोपितों को भ्रष्टाचार के मामले में सफाई दी थी, जिसके बाद उनका निलंबन समाप्त हो गया।
पदभार ग्रहण करने के बाद आयोजित कार्यक्रम में मेयर सिंह ने महानगरपालिका के कुछ कर्मचारियों द्वारा सेवाग्राहियों को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने की शिकायतों का उल्लेख करते हुए कर्मचारियों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा, अन्यथा गलत कार्य करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सिंह ने बताया कि महानगरपालिका में राजस्व जमा करने के लिए आने वाले सेवाग्राहियों को भी कर्मचारियों द्वारा कई दिनों तक परेशान किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कर्मचारियों से सेवा प्रवाह को सरल और प्रभावी बनाने का आग्रह किया।
मेयर सिंह ने कहा कि तीन महीने तक उनके पद पर नहीं रहने के कारण विकास निर्माण, शहर की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और बाजार प्रबंधन सहित कई कार्य प्रभावित हुए हैं। अब इन सभी कार्यों में तेजी लाने के साथ ही रुकी हुई योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
पदभार ग्रहण कार्यक्रम में पूर्व मंत्री प्रदीप यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि वीरगंजवासियों के आशीर्वाद और समर्थन के कारण राजेशमान सिंह फिर से मेयर की जिम्मेदारी संभालने में सफल हुए हैं।
गौरतलब है कि विशेष अदालत ने भाद्र 29 को सिंह सहित सात लोगों को आरोपपत्र में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए पर्याप्त और विश्वसनीय प्रमाण नहीं मिलने की बात कहते हुए सफाई दी थी।
फोटो -विशेष अदालत से बरी होने के बाद वीरगंज मेयर राजेशमान सिंह ने संभाला पदभार



