HomeUncategorized23 जुलाई को हरसिद्धि प्रखंड प्रमुख का शपथ ग्रहण, हाई कोर्ट से...

23 जुलाई को हरसिद्धि प्रखंड प्रमुख का शपथ ग्रहण, हाई कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद डीएम का आदेश

देशवाणी। आशा कुमारी 

मोतिहारी।

पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि प्रखंड में नवनिर्वाचित प्रमुख के शपथ ग्रहण को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है। हाई कोर्ट में दायर याचिका खारिज होने के बाद जिला प्रशासन ने 23 जुलाई को शपथ ग्रहण कराने का आदेश जारी कर दिया है। इस फैसले के बाद प्रखंड क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

बताया जाता है कि 10 जून को अरेराज एसडीओ की अध्यक्षता में हरसिद्धि प्रखंड प्रमुख का चुनाव संपन्न हुआ था। इस चुनाव में पूर्व प्रमुख चंदा कुमारी को सर्वसम्मति से प्रमुख चुना गया था। हालांकि, चुनाव के तुरंत बाद परिणाम की घोषणा पर हाई कोर्ट के आदेश से रोक लगा दी गई थी, जिससे शपथ ग्रहण की प्रक्रिया भी लंबित हो गई थी।

दरअसल, निर्वर्तमान प्रमुख जानकी देवी के खिलाफ प्रखंड समिति सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्हें पद से हटा दिया था। इस कार्रवाई के विरोध में जानकी देवी ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। इसी याचिका के चलते चुनाव परिणाम की घोषणा पर अस्थायी रोक लगाई गई थी।

मामले की सुनवाई करते हुए 15 जुलाई को हाई कोर्ट ने जानकी देवी की याचिका को खारिज कर दिया। इसके बाद जिला पदाधिकारी (डीएम) ने शपथ ग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आदेश दिया। अब 23 जुलाई को विधिवत रूप से नवनिर्वाचित प्रमुख चंदा कुमारी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।

इस निर्णय के बाद चंदा कुमारी के समर्थकों में खुशी की लहर है। समर्थकों का कहना है कि न्यायालय के फैसले से लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जीत हुई है। वहीं प्रशासन ने शपथ ग्रहण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं और कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular