देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर रविवार को नगर भवन में जिला राष्ट्रीय जनता दल कार्यकर्ताओं ने पार्टी का 30वां स्थापना दिवस समारोह बेहद धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर और केक काटकर की गई।
इस भव्य समारोह की अध्यक्षता पूर्व विधायक सह राजद जिला अध्यक्ष मनोज कुमार यादव ने की, जबकि मंच का संचालन प्रधान महासचिव सुरेश साहनी ने किया। स्थापना दिवस के अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव भी जुड़े और उपस्थित हजारों कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को संबोधित कर उनमें नया जोश भरा।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मनोज कुमार यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल की स्थापना गरीबों, शोषितों, दलितों, अल्पसंख्यकों और आम जनमानस की भलाई के लिए हुई थी। आज ही के दिन बिहार और देश की राजनीति का कायापलट हुआ था।
भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज पिछड़ों की भागीदारी, शिक्षा और रोजगार के समान अवसरों की हकमारी को तथाकथित हिंदुत्व के आवरण से ढकने का प्रयास किया जा रहा है। बीजेपी संवैधानिक संस्थाओं को अपने कब्जे में लेकर और संविधान को दरकिनार कर तानाशाही के बल पर देश को पीछे धकेल रही है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार को केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर प्रताड़ित किया जा रहा है।
कहा कि सामाजिक और राजनीतिक संरचना में व्याप्त असमानता के खिलाफ राजद का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा ताकि लोकतंत्र को समृद्ध और समावेशी बनाया जा सके।
पूर्व मंत्री डॉ. समीम अहमद ने कहा कि लोहिया, जेपी, कर्पूरी ठाकुर और बाबा साहब अंबेडकर के बताए रास्तों पर चलकर राजद का संकल्प और मजबूत हुआ है। आज के अवसरवादी और निराशाजनक माहौल में सिर्फ राजद ही गरीबों के सपनों को साकार कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में प्रदेश के भीतर लूट, बलात्कार, हत्या और बेलगाम नौकरशाही अपने चरम पर है। स्थापना दिवस समारोह में कार्यक्रम प्रभारी बिन्नू यादव, पूर्व विधायक राजेंद्र राम, लक्ष्मी नारायण यादव, संगठन जिला मधुबन के अध्यक्ष नूर आलम खान, रामबाबू यादव, अरुण यादव, बच्चा यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद श्रीवास्तव, संजय निराला, प्रेम यादव, नूरुल होदा अंसारी, असलम अहमद, पवन यादव, उमाशंकर यादव, मीडिया प्रभारी जावेद अहमद, लखिन्द्र यादव, राहुल केदार सिंह, अमरेंद्र यादव, लालबाबू यादव, राजू सिंह, जगदीश विद्रोही, जेपी यादव समेत पार्टी के सभी वर्तमान व पूर्व विधायक, पूर्व प्रत्याशी, प्रदेश पदाधिकारी, सभी प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत मे सभी नेताओं ने एक सुर में पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने तथा जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया।












