HomeBIHARबेतियासंगठन, संस्कार व समरसता के संकल्प के साथ विहिप ने मनाया 62वां...

संगठन, संस्कार व समरसता के संकल्प के साथ विहिप ने मनाया 62वां स्थापना दिवस

देशवाणी। बेतिया ।अवधेश कुमार शर्मा।

बेतिया। हिंदू समाज को संगठित, जागरूक और संस्कारित करने के संकल्प के साथ विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने रविवार को अपना 62वां स्थापना दिवस समारोहपूर्वक मनाया। राजड्योढ़ी स्थित सरस्वती बालिका विद्या मंदिर के सभागार में आयोजित समारोह में वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, युवाओं में संस्कार, सेवा भावना और राष्ट्रभाव को मजबूत करने पर जोर दिया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ समारोह का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रांतीय संगठन मंत्री देवी सिंह, प्रांत सह मंत्री विकास भारती, अर्चक-पुरोहित प्रमुख उमेश त्रिपाठी, विभाग मंत्री नीरज सोनी, जिला अध्यक्ष दीपक वर्मा एवं जिला मंत्री सोनू कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। आगंतुक अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।

युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर जताई चिंता

समारोह को संबोधित करते हुए प्रांतीय संगठन मंत्री देवी सिंह ने कहा कि विहिप के 62वें वर्ष में हिंदू समाज के सामने कई सामाजिक चुनौतियां हैं। वर्तमान परिस्थितियों में समाज को अधिक संगठित, जागरूक और संस्कारित करने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति तथा सामाजिक एवं जनसंख्या संबंधी चुनौतियों पर चिंता जताते हुए समाज को इनके प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद गौवंश संरक्षण, घर वापसी सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर निरंतर कार्य कर रहा है। समाज को मजबूत बनाने के लिए जाति, वर्ग और राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर सामाजिक सशक्तिकरण एवं समरसता के लिए काम करना समय की मांग है।

संस्कार और राष्ट्रभाव से युवाओं को जोड़ने पर जोर

वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को संस्कार, सेवा, राष्ट्रभाव और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ना आज की आवश्यकता है। मजबूत और जागरूक समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने समाज को संगठित एवं सशक्त बनाने तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में बजरंग दल के विभाग सह संयोजक रमण गुप्ता, राजकुमार सोनी, जीतेंद्र श्रीवास्तव, मनोज बरनवाल, विजय आर्य, पूर्व जिला मंत्री विनीत गुप्ता, नगर संयोजक झूलन साहू, प्रदीप साहू, संरक्षक बिहारी लाल साहू, उपाध्यक्ष मेजर मुन्ना सिंह, लालबाबू प्रसाद, सुदामा प्रसाद, नीरज गुप्ता, नीतेश पटेल, धीरज गुप्ता, रणजीत मिश्र, रवि गोस्वामी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं समाज के लोग मौजूद रहे।

अंत में जिलाध्यक्ष दीपक वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया तथा कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular