मतदान से हुआ अध्यक्ष का चुनाव, सर्वसम्मति से गठित की गई कार्यकारिणी; शिक्षकों के हित में एकजुट होकर काम करने का लिया संकल्प।
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। प्रधान शिक्षक संघ की लौरिया प्रखंड इकाई के गठन को लेकर शनिवार को एचएसआरडी पब्लिक स्कूल, लौरिया में प्रखंड क्षेत्र के प्रधान शिक्षकों की बैठक हुई। बैठक में संघ को मजबूत और संगठित करने के साथ ही शिक्षकों के हितों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने को लेकर चर्चा की गई। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान कराया गया। इसमें उपस्थित प्रधान शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मतदान के बाद रमीज आलम को प्रधान शिक्षक संघ की लौरिया प्रखंड इकाई का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। अध्यक्ष के चुनाव के बाद उपस्थित सदस्यों की सर्वसम्मति और आपसी सहमति से कार्यकारिणी का गठन किया गया।
गठित कार्यकारिणी में नागेंद्र प्रसाद को संयोजक, राजीव कुमार शर्मा को सचिव, अरुण कुमार अभिक को कोषाध्यक्ष, चंद्रभूषण पाण्डेय को वरीय उपाध्यक्ष, दुर्गेश दास को उपाध्यक्ष, गनेश राम को उप सचिव, भरत बैठा को कार्यालय सचिव, संजय जयसवाल को प्रवक्ता और विशाल कुमार सोनी को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया। अंजु कुमारी को महिला प्रकोष्ठ प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
वहीं तेजनारायण पाण्डेय, विनयशंकर देव और प्रीति कुमारी को जिला प्रतिनिधि तथा चंचल अविनाश सुधांशु और मो. उमर को राज्य प्रतिनिधि बनाया गया। प्रखंड कार्यकारिणी सदस्य के रूप में हीरालाल पासवान, संतोष यादव, रूपेश्वर चंद्र, राजन कुमार और मो. फिरोज आलम को शामिल किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमीज आलम ने सभी प्रधान शिक्षकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संघ किसी एक व्यक्ति का संगठन नहीं, बल्कि सभी प्रधान शिक्षकों का साझा मंच है। सभी साथियों को साथ लेकर शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और हितों के लिए मजबूती से कार्य किया जाएगा। उन्होंने संघ को मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्यों से सहयोग और एकजुटता की अपील की।
बैठक में मौजूद प्रधान शिक्षकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और संघ के उद्देश्यों को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।



