देशवाणी
बेतिया : पश्चिम चम्पारण जिला मुख्यालय बेतिया स्थित ऐतिहासिक संत घाट मठ से आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के पावन अवसर पर भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। रथ पर भगवान श्रीजगन्नाथ, उनके बड़े भ्राता भगवान बलभद्र तथा बहन सुभद्रा विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। पूरे यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं ने जय श्रीजगन्नाथ के जयघोष, पुष्पवर्षा और आरती के साथ भगवान का भव्य स्वागत किया।
रथयात्रा संत घाट मठ से प्रारंभ होकर इंदिरा चौक, कोतवाली चौक, मित्रा चौक, लादूराम गोला, जोड़ा शिवालय, कालीबाग एवं लालबाजार होते हुए पुनः संत घाट मठ पहुंची। यात्रा के दौरान भगवान श्रीजगन्नाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पूरे मार्ग में भक्ति गीतों, कीर्तन और जयघोष के साथ रथयात्रा में सहभागिता निभाई।
संत घाट मठ के पुजारी संजय बाबा अपने सहयोगियों के साथ रथ पर सवार होकर श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन कराते हुए आशीर्वाद एवं महाप्रसाद वितरित करते रहे। पारंपरिक बाजा-गाजा, भगवा ध्वज और जय श्रीजगन्नाथ के उद्घोष से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
रथयात्रा का नेतृत्व विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री एवं उप महापौर प्रतिनिधि रमण गुप्ता, विभाग मंत्री नीरज कुमार तथा विहिप-बजरंग दल के हरिओम कुमार, दिनेश सिंघानिया, राहुल राज, विकास कुमार, पंकज कुमार, धनंजय शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने किया।
यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल, शर्बत, लस्सी एवं अन्य सेवा की व्यवस्था की गई। कई स्थानों पर भगवान के रथ पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया।
इस अवसर पर विहिप के जिला मंत्री एवं उप महापौर प्रतिनिधि रमण गुप्ता ने कहा कि भगवान श्रीजगन्नाथ की रथयात्रा बेतिया की वर्षों पुरानी गौरवशाली परंपरा है। इस दिन भगवान श्रीजगन्नाथ अपने भ्राता भगवान बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के साथ नगर भ्रमण कर भक्तों को दर्शन एवं आशीर्वाद प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा समाज में श्रद्धा, समरसता और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश देती है।












