लौरिया के जीरिया बंगाली माई स्थान के पास हादसा, पीजी में नामांकन कराने बेतिया जा रहे थे पति-पत्नी
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। पश्चिम चंपारण जिले में बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग एनएच-727 पर गुरुवार को जीरिया बंगाली माई स्थान के समीप दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
घायलों की पहचान रामनगर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी नागेश कुमार (32), उनकी पत्नी निरमा कुमारी (30) और लौरिया थाना क्षेत्र के बरवा गांव निवासी मंजू देवी (45) के रूप में हुई है। नागेश कुमार, दर्शन राव के पुत्र हैं, जबकि मंजू देवी रामेश्वर महतो की पत्नी हैं।
पीजी में नामांकन कराने जा रहे थे दंपती
जानकारी के अनुसार, नागेश कुमार अपनी पत्नी निरमा कुमारी के साथ बेतिया स्थित आरएलएसवाई कॉलेज में स्नातकोत्तर (पीजी) में नामांकन कराने जा रहे थे। इसी दौरान जीरिया बंगाली माई स्थान के पास उनकी बाइक दूसरे बाइक सवार से टकरा गई। टक्कर में नागेश और निरमा घायल हो गए। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार मंजू देवी को भी चोटें आईं। वह अपने एक पड़ोसी के साथ बेतिया जा रही थीं।
पेट्रोलिंग टीम ने दिखाई तत्परता
हादसे की सूचना मिलने के बाद हाईवे पेट्रोलिंग टीम में तैनात दरोगा चंद्र भूषण कुमार सिंह और सिपाही यशवंत कुमार ने घायलों को पेट्रोलिंग वाहन से अस्पताल पहुंचाया। समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने से तीनों का प्राथमिक उपचार हो सका।
इस घटना ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता को सामने रखा है।



