मिट्टी काटकर गांव से गुजर रही थी जेसीबी, घर के समीप हुआ हादसा; घटनास्थल पर ही बच्ची ने तोड़ा दम
देश वाणी/अनिल कुमार शर्मा
मझौलिया। थाना क्षेत्र के दूधा चतुरी वार्ड नंबर चार में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में जेसीबी की चपेट में आने से तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। मासूम की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने जेसीबी चालक की जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
घर के समीप खेल रही बच्ची आई मशीन की चपेट में
मिली जानकारी के अनुसार, दूधा मठिया वार्ड नंबर एक निवासी कन्हैया महतो की जेसीबी मिट्टी काटने के बाद गांव के रास्ते से गुजर रही थी। इसी दौरान दूधा चतुरी वार्ड नंबर चार निवासी राजेश साह के घर के समीप उनकी तीन वर्षीय बच्ची मशीन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि बच्ची ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
बच्ची की मौत से भड़का ग्रामीणों का आक्रोश
मासूम की मौत की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने जेसीबी चालक कन्हैया महतो की पिटाई कर दी। वहीं, बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। माता-पिता के करुण विलाप से माहौल गमगीन हो गया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि जेसीबी की चपेट में आने से तीन वर्षीय बच्ची की मौत हुई है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।



