पुलिस लाइन से मंडल कारा तक आयोजित हुए जागरूकता सत्र, राजयोग मेडिटेशन से तनावमुक्त जीवन का दिया संदेश
देशवाणी | बेतिया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की बेतिया इकाई की ओर से समाज में मानसिक स्वास्थ्य, आत्मकल्याण एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत विभिन्न सरकारी एवं निजी संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पदाधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सुरक्षा कर्मियों एवं बंदियों को स्वस्थ, सकारात्मक और तनावमुक्त जीवन जीने के गुर बताए गए।
माउंट आबू से आए विशेषज्ञों ने किया जागरूक
अभियान के अंतर्गत माउंट आबू से पधारे वायु सेना के पूर्व सैनिक ब्रह्माकुमार राकेश मेहता, मेंटल हेल्थ एवं स्वास्थ्य प्रबंधन पर विशेष सत्र लेने वाले ब्रह्माकुमार हितेश तुतेजा, सुरक्षा विभाग से पहुंचे ब्रह्माकुमार शैलेन्द्र सिंह तथा ब्रह्माकुमार भास्कर ने विभिन्न संस्थानों में जागरूकता सत्र आयोजित किए। इन सत्रों में मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन, आत्मकल्याण (Mental Health & Well-being) और नशामुक्ति (De-addiction) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस लाइन से मंडल कारा तक पहुंचा अभियान
इस क्रम में बेतिया पुलिस लाइन में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों, आलोक भारती शिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों, जीएमसीएच के मेडिकल विद्यार्थियों एवं सुरक्षा गार्डों, मझौलिया शुगर मिल के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा बेतिया मंडल कारा, मनुआपुल में बंदियों एवं जेल प्रशासन के अधिकारियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सकारात्मक सोच से मिलेगी वास्तविक प्रसन्नता
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमार शैलेन्द्र सिंह ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में प्रसन्न रहने के लिए कई ऐसी बातों की उपेक्षा करनी होगी, जो हमारे नियंत्रण में नहीं हैं। जब व्यक्ति अपने नियंत्रण से बाहर की परिस्थितियों को स्वीकार करना सीखता है, तभी उसे वास्तविक प्रसन्नता प्राप्त हो सकती है।
वहीं, ब्रह्माकुमार हितेश तुतेजा ने कहा कि हमें अपने मन को सकारात्मक सोच का भोजन देना चाहिए। जिस प्रकार शरीर को स्वस्थ रखने के लिए नियमित व्यायाम और पौष्टिक भोजन जरूरी है, उसी प्रकार मन को स्वस्थ एवं शक्तिशाली बनाने के लिए राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास और सकारात्मक चिंतन आवश्यक है। इससे जीवन में सकारात्मकता और आत्मबल का विकास होता है।
सुरक्षा के प्रति जागरूकता और नशामुक्त जीवन पर जोर
ब्रह्माकुमार राकेश मेहता ने ब्रह्माकुमारीज सुरक्षा प्रभाग के अंतर्गत मझौलिया शुगर मिल एवं बेतिया मंडल कारा में सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने व्यक्तिगत सुरक्षा, कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन, नशामुक्त जीवन, सड़क सुरक्षा, मानसिक सुरक्षा, आध्यात्मिक सुरक्षा तथा सामाजिक सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया।
उन्होंने बताया कि स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा के प्रति सजग रहना, यातायात नियमों का पालन करना, तनाव और क्रोध पर नियंत्रण रखना तथा राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से मन को शांत एवं सकारात्मक बनाना सुरक्षित जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं।
राजयोग मेडिटेशन का कराया गया अभ्यास
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में मानसिक तनाव, नकारात्मक सोच और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक जीवन को प्रभावित कर रही है। ऐसी परिस्थितियों में सकारात्मक चिंतन, आत्मानुशासन, भावनात्मक संतुलन और आध्यात्मिक जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है।
सभी निर्धारित स्थानों पर उपस्थित लोगों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास भी कराया गया। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को मन शांत रखने, तनाव प्रबंधन, आत्मविश्वास बढ़ाने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की जानकारी दी गई।
स्वस्थ और तनावमुक्त समाज निर्माण का संकल्प
ब्रह्माकुमारी संस्था का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक मानसिक स्वास्थ्य, आत्मकल्याण एवं नशामुक्त जीवन का संदेश पहुंचाना है। संस्था के इस अभियान के माध्यम से राजयोग मेडिटेशन को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, तनावमुक्त, सुरक्षित और सकारात्मक समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।



