हर परिवार को पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता, ग्रामीणों से मांगे गए विकास संबंधी सुझाव
देशवाणी/बेतिया। पश्चिम चम्पारण जिले की सभी ग्राम पंचायतों में रविवार, 29 नवंबर को पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन एवं सामुदायिक भवनों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामसभा सदस्यों, महिलाओं, युवाओं एवं अन्य हितधारकों ने भाग लिया।
विकास योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को पंचायत में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 140वें संस्करण का प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से सुना।
जल पर्याप्त ग्राम पंचायत रहा नवंबर माह का थीम
पंचायत विकास दिवस के नवंबर माह का मुख्य थीम ‘जल पर्याप्त ग्राम पंचायत’ रखा गया। इसके तहत ऐसे ग्राम पंचायतों के निर्माण पर जोर दिया गया, जहां प्रत्येक परिवार को पर्याप्त मात्रा में सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो। सभी घरों में नियमित नल-जल आपूर्ति, जल स्रोतों का संरक्षण एवं सतत प्रबंधन सुनिश्चित करने के साथ कृषि, घरेलू उपयोग और पर्यावरणीय जरूरतों के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।
ग्रामीणों से लिए गए विकास संबंधी सुझाव
इस अवसर पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों से पंचायत के विकास से जुड़ी समस्याओं, सुझावों और आकांक्षाओं की जानकारी ली गई। प्राप्त सुझावों की सूची तैयार कर निश्चय पोर्टल पर अपलोड की जा रही है, ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
डीपीआरओ ने पकड़िया पंचायत में लिया भाग
जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरव आलोक ने नौतन प्रखंड की पकड़िया ग्राम पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि पंचायत विकास दिवस का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों में जनभागीदारी को बढ़ावा देना तथा पंचायत व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं सशक्त बनाना है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम ग्रामीणों को विकास प्रक्रिया से सीधे जोड़ने का प्रभावी मंच है। इससे पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के साथ ग्रामीणों की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर शामिल करने में मदद मिलती है।
उक्त जानकारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, पश्चिम चम्पारण द्वारा उपलब्ध कराई गई।



