HomeBreakingमझौलिया: घर के बाहर खेल रही 2 साल की मासूम अचानक गायब,...

मझौलिया: घर के बाहर खेल रही 2 साल की मासूम अचानक गायब, CCTV में महिला के साथ जाती दिखी बच्ची

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस, महिला समेत तीन हिरासत में; बच्ची की बरामदगी को लेकर थाने पहुंचे 100 से अधिक ग्रामीण

देश वाणी। मझौलिया।अनिल कुमार शर्मा।

मझौलिया। थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-5 में घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय मासूम बच्ची के अचानक गायब होने से इलाके में हड़कंप मच गया। काफी खोजबीन के बाद भी बच्ची का पता नहीं चलने पर परिजनों ने मझौलिया थाने में लिखित शिकायत देकर बच्ची की बरामदगी की गुहार लगाई।

घर के बाहर खेल रही थी मासूम, अचानक हो गई लापता

बताया जाता है कि वार्ड संख्या-5 निवासी हसीब खान की दो वर्षीय पुत्री अनाया खातून घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक गायब हो गई। बच्ची के लापता होने की जानकारी मिलते ही परिजन उसे आसपास के इलाके में खोजने लगे।

परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी बच्ची की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

CCTV फुटेज ने बढ़ाया शक, महिला बच्ची को ले जाती दिखी

मामले में उस समय नया मोड़ आ गया, जब सामने आए CCTV फुटेज में एक महिला बच्ची को लेकर जाती हुई दिखाई दी। परिजनों के अनुसार, फुटेज में नजर आ रही महिला की पहचान मझौलिया गांव निवासी अमरूल खान की पुत्री सबीना उर्फ सुमी खातून के रूप में हुई है।

हालांकि, पुलिस CCTV फुटेज समेत पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

महिला समेत तीन लोग हिरासत में, पूछताछ जारी

परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने सबीना उर्फ सुमी खातून, उसकी मां और उसके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस बच्ची की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों और मामले से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।

बच्ची की बरामदगी को लेकर थाने पहुंचे ग्रामीण

घटना की जानकारी फैलते ही बुधवार सुबह मझौलिया थाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। बताया जाता है कि 100 से अधिक महिला-पुरुष ग्रामीण थाने पहुंचे और पुलिस से मासूम बच्ची को जल्द से जल्द बरामद करने की मांग की।

ग्रामीणों में बच्ची के अचानक गायब होने को लेकर काफी आक्रोश और चिंता देखी गई।

पुलिस बोली- हर बिंदु पर हो रही जांच

थाना प्रभारी अमर कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और बच्ची की बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular