HomeBIHARबेतिया में एसएसबी की अंतर सीमांत कबड्डी प्रतियोगिता 2026 का आगाज

बेतिया में एसएसबी की अंतर सीमांत कबड्डी प्रतियोगिता 2026 का आगाज

तीन दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड से अरुणाचल प्रदेश तक सीमा पर तैनात एसएसबी जवान दिखाएंगे अपना खेल कौशल, उद्घाटन समारोह में अनुशासन और टीम भावना पर दिया गया जोर

बेतिया।हृदयानन्द सिंह यादव।

बेतिया। पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया में सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की अंतर सीमांत कबड्डी प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह बापू सभागार, ऑडिटोरियम बेतिया में आयोजित किया गया।

आईजी निशित कुमार उज्ज्वल ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन

समारोह का उद्घाटन एसएसबी सीमांत पटना के महानिरीक्षक एवं भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी निशित कुमार उज्ज्वल ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के गायन से हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया और प्रतियोगिता के उद्देश्य पर प्रकाश डाला गया।

डीआईजी हरि प्रकाश ने किया अतिथियों का स्वागत

चंपारण सेक्टर, बेतिया के डीआईजी हरि प्रकाश ने स्वागत संबोधन में कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने अंतर सीमांत कबड्डी प्रतियोगिता के आयोजन के महत्व और उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से जवानों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का विकास होता है।

हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण है अनुशासन : आईजी

मुख्य अतिथि निशित कुमार उज्ज्वल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी टीम भावना के साथ अपने क्रीड़ा कौशल का प्रदर्शन करें और अनुशासित शौर्य की भावना को बनाए रखें।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में हार-जीत उतनी महत्वपूर्ण नहीं है, जितना कि अनुशासन और अनुशासित क्रीड़ा कौशल का प्रदर्शन। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि क्रीड़ा भी राष्ट्र सेवा का एक माध्यम है।

खेल के माध्यम से बढ़ाया जा सकता है राष्ट्र का गौरव

आईजी ने कहा कि खेलों के माध्यम से अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्टता की भावना विकसित की जा सकती है। अनुशासित तरीके से आगे बढ़ते हुए खिलाड़ी न केवल अपना बल्कि पूरे राष्ट्र का गौरव बढ़ा सकते हैं।

उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साहित किया।

कई वरीय अधिकारियों को किया गया सम्मानित

इस अवसर पर डीआईजी हरि प्रकाश ने मुख्य अतिथि आईजी निशित कुमार उज्ज्वल, डीआईजी बिहार पुलिस चंपारण रेंज हर किशोर राय, एसएसपी बेतिया कुमार गौतम, एसपी बगहा राजेश कुमार, तपेस्वर सम्बित राउत, सेनानायक 21वीं वाहिनी, बलवंत सिंह नेगी, सेनानायक 44वीं वाहिनी, बेतिया की प्रथम महिला गरिमा देवी सिकारिया, कार्यपालक अभियंता, नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, बेतिया सहित अन्य अतिथियों को सम्मानित किया।

तीन दिनों तक चलेगा कबड्डी का रोमांच

समारोह में बताया गया कि उत्तराखंड से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक सीमा पर तैनात एसएसबी के जवान इस तीन दिवसीय अंतर सीमांत कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

प्रतियोगिता के दौरान एसएसबी के विभिन्न सीमांतों की टीमें मैदान पर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और जवानों में खासा उत्साह देखने को मिला।

पदाधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

उद्घाटन समारोह के दौरान मंचस्थ पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेल भावना एवं अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

एसएसबी की इस प्रतियोगिता के माध्यम से जवानों में टीम भावना, अनुशासन, शारीरिक दक्षता और नेतृत्व क्षमता को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular