HomeBIHARमोतिहारीनागा रोड में शराब तस्करी का खुलासा, नेपाली शराब के साथ युवक...

नागा रोड में शराब तस्करी का खुलासा, नेपाली शराब के साथ युवक गिरफ्तार

*मोटरसाइकिल पर बोरे में छिपाकर नेपाल से रक्सौल ला रहा था शराब की खेप, बाइक भी जब्त

रक्सौल।अनिल कुमार। नेपाल से रक्सौल के रास्ते होने वाली शराब तस्करी के खिलाफ स्थानीय पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में रक्सौल पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नागा रोड में वाहन जांच अभियान चलाकर नेपाली शराब की खेप के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से शराब लदी मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। कार्रवाई के बाद शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

इस संबंध में रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से एक युवक मोटरसाइकिल पर नेपाली अंग्रेजी शराब की खेप लेकर रक्सौल की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नागा रोड में विशेष वाहन जांच अभियान शुरू किया।

जांच के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर पुलिस ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखे एक बोरे से 16.5 लीटर नेपाली बीयर सहित अन्य नेपाली अंग्रेजी शराब बरामद की गई। शराब बरामद होते ही पुलिस ने मौके से युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

गिरफ्तार युवक की पहचान गांधी नगर वार्ड नंबर-9 निवासी स्व. जुमन मियां के पुत्र अब्दुल हसन के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद शराब और शराब ढोने में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है।

तस्करी के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप नेपाल में कहां से ली गई थी और इसे रक्सौल में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। साथ ही पुलिस यह भी जानकारी जुटा रही है कि शराब तस्करी के इस धंधे में युवक के साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

सीमा क्षेत्र होने के कारण नेपाल से विभिन्न माध्यमों से शराब की तस्करी की शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को शराब तस्करों के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में बरामद शराब और मोटरसाइकिल को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। गिरफ्तार युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

फोटो -नागा रोड में शराब तस्करी का खुलासा, नेपाली शराब के साथ युवक गिरफ्तार

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular