Motihari | रक्सौल| अनिल कुमार|
भारत विकास परिषद रक्सौल शाखा एवं श्रीराम जानकी मंदिर सह विवाह भवन समिति के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार, 30 दिसंबर को पोस्ट ऑफिस रोड स्थित श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक चलेगा।
जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पहल –
भारत विकास परिषद के उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम संयोजक एवं मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी रजनीश प्रियदर्शी ने बताया कि तेज़ रफ़्तार जीवनशैली के कारण आजकल नेत्र संबंधी गंभीर रोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि कई लोग जागरूकता के अभाव में आंखों की बीमारियों का समय पर इलाज नहीं करा पाते। इसी कारण लोगों में नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और ठंड के मौसम में बढ़ रहे नेत्र संक्रमणों को ध्यान में रखते हुए यह शिविर आयोजित किया जा रहा है।
अनुभवी चिकित्सक देंगे सेवाएँ –
शिविर में बीरगंज के बिर्ता स्थित सिद्धि आई केयर सेंटर के संचालक एवं नेपाल के प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आदित्य प्रसाद और डॉ. बिपिशा श्रेष्ठ अपनी सेवाएँ देंगे। दोनों विशेषज्ञ संस्थाओं ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी आंखों की जांच अवश्य कराएँ।
मुफ्त दवा व विशेष रियायत की सुविधा –
शिविर में आने वाले प्रतिभागियों को नेत्र जांच के बाद चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। वहीं, जिन मरीजों को आवश्यक होगा उन्हें मुफ्त दवाएँ भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, शिविर में पंजीकृत मरीजों को यदि मोतियाबिंद या अन्य नेत्र ऑपरेशन की आवश्यकता होगी, तो सिद्धि आई केयर सेंटर की ओर से उन्हें जांच और ऑपरेशन पर विशेष छूट प्रदान की जाएगी।












