Bettiah. रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज। प्रखंड के सभाकक्ष में गुरुवार को पंचायत समिति की बैठक के दौरान मनरेगा के कार्यक्रम पदादिकारी बेहोश हो कर गिर गए। इस दौरान बैठक में कुछ देर के लिए अफरा तफरी मच गई। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों और योजनाओं की समीक्षा चल रही थी। इसी दौरान जनप्रतिनिधियों ने मनरेगा से जुड़े कार्यों पर पीओ जितेंद्र कुमार से जानकारी मांगी। वह विभागीय सवालों का जवाब दे ही रहे थे कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते वह अचेत हो कर गिर गए। घटना के बाद कक्ष में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। वहां मौजूद अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने तुरंत उन्हें संभाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
मामले में बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम पदाधिकारी की पिछले कुछ दिनों से तबीयत खराब चल रही थी। बैठक के दौरान उमस व गर्मी के कारण उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई। फिलहाल अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।बता दे कि क्षेत्र में लगातार तीसरे दिन चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। जिसका असर पंचायत समिति के बैठक में देखने को मिला। बैठक कक्ष में अत्यधिक भीड़, भीषण गर्मी और अंदर उमस के कारण स्थिति काफी असहज बनी हुई थी।












