देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए मद्य निषेध विभाग लगातार कड़े कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने शनिवार की रात कोटवा थाना के दीपउ गांव के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बलेनो कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। मौके से उत्पाद पुलिस ने कार चालक सह अंतरराज्यीय शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।
सदर सह मधुबन उत्पाद थानाध्यक्ष शिवेंद्र कुमार ने बताया कि विभाग को कार से शराब की एक बड़ी खेप लाये जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने दीपउ गांव के पास घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध बलेनो कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो कार के अंदर से हरियाणा निर्मित रॉयल स्टेज और रॉयल ग्रीन ब्रांड की 19 कार्टन (कुल 216 पीस) विदेशी शराब बरामद की गई। जिसके बाद कार चालक सह अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है, जो हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है। गिरफ्तार तस्कर मनीष ने उत्पाद पुलिस की पूछताछ में बताया कि हरियाणा से शराब की खेप लेकर वह चकिया के रास्ते पकड़ीदयाल ले जा रहा था। शराब की डिलेवरी उसे पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के मझार गांव निवासी उमेष कुशवाहा को देनी थी।
उत्पाद थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार चालक मनीष कुमार और शराब मंगाने वाले मुख्य धंधेबाज उमेश कुशवाहा के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मनीष कुमार को आवश्यक पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, वहीं मझार निवासी उमेश कुशवाहा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में उत्पाद थानाध्यक्ष शिवेंद्र कुमार के साथ एएसआई रमेश कुमार, संजय कुमार सिंह तथा उत्पाद पुलिस बल के सिपाही उपेंद्र पासवान व लवली कुमारी सहित अन्य जवान शामिल थे।












