देश वाणी संवाददाता, अरेराज
अरेराज प्रखंड अंतर्गत जगापाकड़ स्थित स्पाइरऑक्स फूड प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड में सोमवार, दिनांक 29 जून 2026 को एक महत्वपूर्ण निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर माननीय विधायक सह सचेतक एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष श्री राजू तिवारी ने प्लांट पहुंचकर वहां संचालित कार्यों, तैयारियों एवं विकास योजनाओं का विस्तार से निरीक्षण किया।
प्लांट परिसर पहुंचने पर कंपनी प्रबंधन की ओर से विधायक का स्वागत किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य, उत्पादन संबंधी तैयारियों तथा स्थानीय स्तर पर उद्योग के माध्यम से रोजगार सृजन की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की। विधायक ने प्लांट परिसर का भ्रमण करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं को देखा और कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
इस दौरान प्लांट के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री राकेश प्रसाद गुप्ता ने माननीय विधायक को कंपनी की कार्ययोजना एवं आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि यह परियोजना क्षेत्र के आर्थिक विकास के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के दौरान श्री राकेश प्रसाद गुप्ता ने माननीय विधायक श्री राजू तिवारी को आगामी 9 जुलाई 2026 को प्रातः 9 बजे आयोजित होने वाले भव्य उद्घाटन समारोह में मुख्य रूप से उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने हेतु औपचारिक निमंत्रण दिया। निमंत्रण स्वीकार करते हुए विधायक ने कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
माननीय विधायक ने कहा कि क्षेत्र में उद्योगों की स्थापना से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा विकास की गति को नया आयाम प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास आत्मनिर्भर क्षेत्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक कदम हैं।
इस अवसर पर मुखिया नवीन शर्मा, दुलार पांडे, अमित कुमार, नेमीलाल शाह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।












