आवान मेराज /देशवानी रामगढ़वा
रामगढ़वा: रामगढ़वा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय आमोदेई हिंदी की कक्षा आठ की छात्रा रंजना कुमारी ने मोतिहारी में आयोजित जिलास्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे प्रखंड में हर्ष का माहौल है।
छात्रा ने ‘विकसित भारत’ विषय के तहत अपनी पेंटिंग में सड़क, रेल, अस्पताल आदि विकास से जुड़े पहलुओं को बेहद खूबसूरती से उकेरा था, जिसे जिलास्तर पर दूसरा स्थान मिला है। इस सफलता के बाद उनका चयन आगामी 10 अक्टूबर को पटना में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
रंजना की इस सफलता पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ब्रजेश कुशवाहा ने उन्हें रामगढ़वा बीआरसी में कॉपी, कलम और इंस्ट्रूमेंट बॉक्स देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक अवनीश कुमार और मुकेश कुमार सिंह सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे, सभी ने छात्रा की उजवा भविष्य की कामना की।



