देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। महात्मा गांधी ऑडिटोरियम में मोदी सरकार के सफल 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को तीन दिवसीय भव्य चित्र-प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित स्थानीय सांसद व पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनसेवा के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। सरकार की नीतियों का ही परिणाम है कि आज देश आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है और विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में भारत ने अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार ने हर वर्ग का ध्यान रखा है। किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। देश में बुनियादी ढांचा, रेल, सड़क, हवाई अड्डों, डिजिटल सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।
इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और ऐतिहासिक उपलब्धियों को आम जनता तक पहुँचाना है। प्रदर्शनी में विभिन्न आकर्षक चित्र-पोस्टरों के माध्यम से गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण की झलक, किसानों के उत्थान और आत्मनिर्भर भारत अभियान की प्रगति, डिजिटल क्रांति और भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा को बेहद प्रभावी ढंग से दर्शाया गया है।
उद्घाटन समारोह के मौके पर मोतिहारी के विधायक प्रमोद कुमार, बिहार राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।












