HomeUncategorizedमोतिहारी को सैटेलाइट ग्रीन फील्ड टाउनशिप के रूप में चयन करने के...

मोतिहारी को सैटेलाइट ग्रीन फील्ड टाउनशिप के रूप में चयन करने के लिए उप महापौर डॉ लालबाबू ने केंद्रीय मंत्री से किया मुलाकात

देशवाणी। आशा कुमारी 
मोतिहारी।
मोतिहारी नगर निगम के उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद ने शहर के समग्र विकास को लेकर नई पहल की है। इसी क्रम में उन्होंने दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय नगर निगम विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा राज्य मंत्री तोखन साहू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मोतिहारी के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगों को लेकर दोनों मंत्रियों को एक ज्ञापन सौंपा।
डॉ. प्रसाद ने अपने ज्ञापन में विशेष रूप से शहर के ऐतिहासिक मोतिझील के विकास, सौंदर्यीकरण और संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि लगभग 12 किलोमीटर क्षेत्र में फैला मोतिझील शहर के मध्य स्थित है, जो मोतिहारी की पहचान और खूबसूरती को बढ़ाता है। इसके समुचित विकास से न केवल शहर का स्वरूप निखरेगा, बल्कि पर्यटन की भी अपार संभावनाएं विकसित होंगी।
इसके अलावा उन्होंने बिहार में प्रस्तावित 11 शहरों को सैटेलाइट ग्रीन फील्ड टाउनशिप के रूप में विकसित किए जाने की योजना का उल्लेख करते हुए मोतिहारी को 12वें शहर के रूप में शामिल करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि चम्पारण की ऐतिहासिक धरती, जहां आजादी का पहला सत्याग्रह हुआ था, उसे इस योजना में शामिल किया जाना अत्यंत आवश्यक है। इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। डॉ. लालबाबू प्रसाद ने बताया कि केंद्रीय मंत्रियों ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक आश्वासन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार के सहयोग से मोतिहारी के विकास के लिए जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है और केंद्र व राज्य सरकार के सहयोग से मोतिहारी को एक विकसित एवं आकर्षक शहर के रूप में स्थापित किया जाएगा।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular