देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर के समीप पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें इलाज के लिए दिल्ली जा रहे दो दोस्तों की स्कॉर्पियो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान अरेराज थाना क्षेत्र के नगदहा निवासी दीपक साहनी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दीपक शहर के छोटा बरियारपुर में रहकर गोदरेज की एजेंसी चलाते थे। वहीं घायल हेमंत किशोर वर्मा, तुरकौलिया की जिला परिषद सदस्य सुमन वर्मा के पति हैं। चालक सोनू कुमार भी इस हादसे में घायल हुआ है जो कवलपुर का रहने वाला है। दोनों का इलाज जारी है।
घायल हेमंत किशोर वर्मा ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि वे अपने दोस्त दीपक साहनी का इलाज कराने के लिए स्कॉर्पियो से दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान रविवार रात करीब 11 बजे सुल्तानपुर के पास अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई, जिससे गाड़ी असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दीपक साहनी ने दम तोड़ दिया। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। सूचना मिलते ही दोनों परिवार के सदस्य मौके के लिए रवाना हो गए।
दीपक और हेमंत की दोस्ती काफी गहरी बताई जा रही है। घायल हेमंत बार-बार यही कह रहे हैं कि वे अपने दोस्त को नहीं बचा सके।
इस दुखद घटना पर हरसिद्धि विधायक कृष्णनंदन पासवान और भाजपा के वरिष्ठ नेता दीपक शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है।












