देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज प्रखंड क्षेत्र में कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कालाबाजारी के लिए लाई जा रही 66 बोरी यूरिया खाद बरामद की गई। इस दौरान खाद लदी पिकअप वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज से पिकअप वाहन पर यूरिया खाद लादकर अरेराज लाया जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर कृषि विभाग की टीम और गोविंदगंज थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर गोविंदगंज थाना क्षेत्र के भेलानरी पेट्रोल पंप के पास वाहन को रोक लिया। जांच के दौरान पिकअप पर 66 बोरी यूरिया खाद लदी मिली, जिसे जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने वाहन चालक सलाहा के दीपक कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। मामले में मुंडा पंचायत के कृषि समन्वयक रौशन राकेश कुमार के लिखित आवेदन पर गोविंदगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफआईआर में दुर्गा कृषि केंद्र, सलाहा के संचालक लालबाबू प्रसाद तथा चालक दीपक कुमार को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। प्रथम दृष्टया खाद की कालाबाजारी की आशंका सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



