देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। भारतीय रेलवे ने संरक्षा और परिचालन गति को नई ऊंचाई देने के लिए पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल अंतर्गत 21 प्रमुख स्टेशनों के सिग्नलिंग बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण को हरी झंडी दे दी है। करीब 233 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत इस महत्वाकांक्षी परियोजना में पूर्वी चंपारण जिले के रामगढ़वा स्टेशन को विशेष प्राथमिकता के साथ शामिल किया गया है। योजना के तहत रामगढ़वा स्टेशन पर दशकों पुरानी पारंपरिक पैनल इंटरलॉकिंग प्रणाली को हटाकर अत्याधुनिक कंप्यूटर-आधारित इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली स्थापित की जाएगी, जिससे ट्रेनों के सुरक्षित, त्वरित और निर्बाध परिचालन में क्रांतिकारी सुधार होगा।
जानकारी देते हुए पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि रामगढ़वा के अलावा इस तकनीकी उन्नयन सूची में मधुबनी, राजनगर, पंडौल, रुसेरा घाट, अंगार घाट, बदला घाट, धमारा घाट, भगवानपुर देसुआ, नरहन, नया नगर, सलौना, इमली, ओलापुर, कोपरिया, सिमरी बख्तियारपुर, सोनबरसा कचहरी, डॉ. श्रीकृष्ण सिंह नगर गढ़पुरा, बैजनाथपुर, बुधमा और मुरलीगंज स्टेशन शामिल हैं। यह आधुनिक प्रणाली मानवीय भूल की संभावना को पूरी तरह समाप्त कर उच्च विश्वसनीयता और त्वरित फॉल्ट डिटेक्शन सुनिश्चित करती है। साथ ही, यह बदलाव भारतीय रेलवे की स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ के प्रभावी और तीव्र कार्यान्वयन का मजबूत आधार तैयार करेगा।



