आशा कुमारी /देशवाणी
मोतिहारी।
हरसिद्धि थाना क्षेत्र के पकड़िया पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-17 स्थित कुबरा टोला में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 11 वर्षीय बच्ची की बिजली करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत बच्ची की पहचान मुस्तकीम मियां की 11 वर्षीय पुत्री सलोनी खातून के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार शनिवार सुबह सलोनी अपने घर मे टूटे हुए बिजली के तार के चपेट मे आ गयी। जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। बताया जाता है कि घटना के समय सलोनी के माता-पिता खेत में काम करने गए थे। हादसे की सूचना मिलते ही वे घर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी इकलौती बेटी की मौत हो चुकी थी। बेटी का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तार जर्जर स्थिति में हैं। उनका आरोप है कि टूटे तार की समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। लोगों ने बिजली विभाग से जर्जर तारों की नियमित जांच और तत्काल मरम्मत की मांग करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है। घटना की सूचना मिलने पर हरसिद्धि थाना पुलिस मौके पर पहुंची।थानाध्यक्ष सुनील कुमार के निर्देश पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।












