-महंगाई पर पड़ रहा आस्था भारी
माला सिन्हा
पीपराकोठी : लोक आस्था व सूर्योउपासना का चार दिवसीय अनुष्ठान महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय खाय के साथ आरंभ हो गया. पर्व की तैयारी क्षेत्र के सभी वर्गों के लोगों द्वारा सूरु कर दी गई है वैसे बाजारों में पर्व को लेकर भीड़ उमड़ने लगी है. महंगाई के बावजूद भी लोग आवश्यक पूजन सामग्री की खरीददारी कर रहे हैं. सामर्थ्य के अनुसार लोग आवश्यक पूजन सामग्री के साथ कपड़ा की खरीददारी में व्यस्त नजर आ रहे हैं. भगवान भास्कर के निमित्त यह छठ पर्व नहाय खाय के साथ शुरू हो गया है. पंडितपुर के आचार्य आदर्श कुमार पांडेय ने बताया कि 13 नवम्बर को नहाय खाय के साथ इस पर्व की सुरुआत हो गया. 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को शायं कालीन अर्घ्य तथा 16 नवंबर को प्रातः कालीन अर्घ्य के साथ महा पर्व छठ पूजा की समाप्ति होगी. पूजा को लेकर लोग पूरी तरह स्वच्छता का ध्यान दे रहे हैं. वैसे इस पर्व में सभी धर्म के लोग काफी व्यस्त हैं. चाहे दउरा सुपली बिनने वाले डोम जाति के लोग हो या फिर कपड़ा सिलाई करने वाला दर्जी या फिर कपड़ा, किराना, फल, सब्जी, आदि व्यवसाय से जुड़े लोग हो सभी लोग पर्व को लेकर व्यस्त हैं. उधर रोजी रोटी के खातिर अन्य प्रांतों में रह रहे लोग भी पर्व में अपने अपने घरों पर आने लगे हैं.
श्रीराम ने किया था सूर्योउपासना
छठ पूजा हिन्दू धर्म में बहुत महत्व रखती है और ऐसी धारणा है कि प्राचीन छठ पूजा हस्तिनापुर (नई दिल्ली) के पांडवों और द्रौपदी के द्वारा अपनी समस्याओं को हल करने और अपने राज्य को वापस पाने के लिये की गयी थी. ये भी माना जाता है कि छठ पूजा सूर्य पुत्र कर्ण के द्वारा शुरु की गयी थी. वो महाभारत युद्ध के दौरान महान योद्धा था और अंगदेश (बिहार का मुंगेर जिला) का शासक था. छठ पूजा के दिन छठी मैया की भी पूजा की जाती है, छठी मैया को वेदों में ऊषा के नाम से भी जाना जाता है. लोग अपनी परेशानियों को दूर करने के साथ ही साथ मोक्ष या मुक्ति पाने के लिए छठी मैया से प्रार्थना करते हैं. यह भी माना जाता है कि 14 वर्ष के वनवास के बाद जब भगवान राम और माता सीता ने अयोध्या वापस आकर राज्यभिषेक के दौरान उपवास रखकर कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष में भगवान सूर्य की पूजा की थी. उसी समय से, छठ पूजा हिन्दू धर्म का महत्वपूर्ण और परंपरागत त्यौहार बन गया.
बाजारों में बढ़ी चहल पहल : पर्व की खरीदारी को लेकर बाजारों में चहल पहल बढ़ गई है. हर व्यवसाय से जुड़े व्यवसायी के लिए व्यस्त भरा समय है. बाजारों में पूजन सामग्री उतर चुकी है. फल सब्जी से लेकर किराना सामग्री हो या फिर कपड़ा तक हर व्यवसायियों में व्यस्तता बढ़ गई है. लोग अपनी खरीददारी करने में व्यस्त दिख रहे है.
सभी को मिलता है रोजगार का अवसर : चाहे वह किसी पेशे का क्यों न हो उसे इस पर्व में उसे अपने रोजगार करने का अवसर मिलता है. सब्जी, फल, दर्जी, कपड़ा, दाउरा, सुपली बनाने वाला, कुम्हार, आदि सभी व्यवसाय से जुड़े लोगों को रोजगार का अवसर प्राप्त होता है. और इस पर्व की विशेष महत्ता है कि इस पर्व में पूरे सादगी के साथ पवित्र विचारधारा से पर्व को किया जाता है. इस लिए परंपरा के अनुसार जो पूजन सामग्री का सदियों से प्रयोग होता आया है उन्ही सामग्री का प्रयोग आज भी हो रहा है. इसका कोई विकल्प नहीं है.
छठ पूजा की परंपरा और रीति-रिवाज : यह माना जाता है कि छठ पूजा करने वाला व्यक्ति पवित्र स्नान लेने के बाद संयम की अवधि के 4 दिनों तक अपने मुख्य परिवार से अलग हो जाता है. पूरी अवधि के दौरान वह शुद्ध भावना के साथ एक कंबल के साथ फर्श पर सोता है. सामान्यतः यह माना जाता है कि यदि एक बार किसी परिवार नें छठ पूजा शुरु कर दी तो उन्हें और उनकी अगली पीढी को भी इस पूजा को प्रतिवर्ष करना पडेगा और इसे तभी छोडा जा सकता है जब परिवार में किसी की मृत्यु हो गयी हो.
भक्त छठ पर मिठाई, खीर, थेकुआ और फल सहित छोटी बांस की टोकरी में सूर्य को प्रसाद अर्पण करते है. प्रसाद शुद्धता बनाये रखने के लिये पुरा ध्यान दिया जाता है.



