-त्वरित कार्रवाई से आग पर पाया काबू
फोटो : आग पर काबू पाते एसएसबी के जवान
माला सिन्हा
पीपराकोठी : 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार के दिशानिर्देश एवं मार्गदर्शन में समवाय बेलदरवामठ के कार्यक्षेत्र अंतर्गत ग्राम इनरवा, वार्ड संख्या-02 निवासी सुरेन्द्र राम के मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई. घटना की सूचना मिलते ही समवाय बेलदरवामठ के एसएसबी जवान आवश्यक अग्निशमन उपकरणों के साथ बिना किसी विलंब के घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल बचाव एवं राहत कार्य प्रारंभ किया. घटनास्थल पर पहुंचकर एसएसबी जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों, बिहार अग्निशमन दल एवं बिहार पुलिस के साथ आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आग बुझाने के लिए सामूहिक प्रयास किए. सर्वप्रथम विद्युत आपूर्ति बाधित कर आग पर नियंत्रण पाने की कार्रवाई की गई. इसके पश्चात सभी के संयुक्त प्रयासों एवं त्वरित कार्रवाई से आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया. इस अग्निकांड में मकान के एक कमरे में रखा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया. हालांकि, एसएसबी जवानों की सूझबूझ, साहस एवं समयबद्ध कार्रवाई के कारण आग को मकान के अन्य हिस्सों तथा आसपास स्थित दूसरे घरों तक फैलने से रोक लिया गया. जवानों की तत्परता से आग की भयावहता को नियंत्रित करने में सफलता मिली तथा बड़े स्तर पर संभावित जान-माल के नुकसान को टाल दिया गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. इस अवसर पर एसएसबी जवानों ने न केवल आग बुझाने में सक्रिय भूमिका निभाई, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्यों को भी प्रभावी ढंग से अंजाम दिया. संकट की इस घड़ी में सुरक्षा बल, अग्निशमन दल, पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय ग्रामीणों के बीच बेहतर तालमेल और सामूहिक प्रयास देखने को मिला.



