स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से की मुलाकात, सुरक्षा और आर्थिक सहायता की रखी मांग
देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष धर्मेंद्र स्वर्णकार ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्वर्णकार समाज और व्यवसायियों से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं को उनके समक्ष प्रमुखता से रखा।
धर्मेंद्र स्वर्णकार ने प्रदेश अध्यक्ष को बताया कि बाजार में मंदी और बदलती परिस्थितियों के कारण छोटे और मध्यम वर्ग के स्वर्णकार व्यवसायी भारी आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि आर्थिक रूप से कमजोर स्वर्णकार परिवारों और छोटे व्यापारियों के उत्थान के लिए विशेष योजनाएं बनाई जाएं और उन्हें आर्थिक मदद दी जाए।
इसके साथ ही, उन्होंने व्यवसायियों की सुरक्षा पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हाल के दिनों में चोरी, डकैती और आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी से व्यापारियों में डर का माहौल है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से स्वर्णकारों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की अपील की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और स्वर्णकार समाज के कल्याण व उनकी सुरक्षा के लिए सकारात्मक पहल करने का पूरा आश्वासन दिया।












