Motihari | आशा कुमारी|
किराना व्यवसायी पप्पू प्रसाद और उसका कर्मी लखिंद्र महतो गिरफ्तार, 394 किलो डोडा और भारी कैश बरामद।
शातिर तस्कर ने चार ड्रमों में तेल के पाउच के नीचे छिपाकर रखे थे 73 लाख रुपये, मशीन से हुई नोटों की गिनती।
मोतिहारी। शहर के हेनरी बाजार में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने नगर थाना पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने किराना दुकान की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले मुख्य धंधेबाज पप्पू प्रसाद और उसके कर्मी लखिंद्र महतो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तस्कर के गोदाम से करीब 20 लाख रुपये मूल्य का 394 किलो डोडा और घर से 73 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पप्पू का कनेक्शन पटना और गया के बड़े तस्करों से जुड़ा है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार ने बताया कि एनसीबी को मोतिहारी में बड़े पैमाने पर डोडा तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने एक सप्ताह तक रेकी की। शनिवार रात नगर इंस्पेक्टर राजीव रंजन, अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार और नाका दो की पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी की गई। शातिर ने कैश को चार अलग-अलग ड्रमों में छिपाकर ऊपर से तेल के पाउच रख दिए थे। नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगानी पड़ी और करीब चार घंटे तक काउंटिंग चली। पिपरा का मूल निवासी पप्पू पिछले 20 वर्षों से इस काले धंधे में है। मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में उसका ‘मोगा ढाबा’ नाम से लाइन होटल भी है, जहां से रात में ट्रक ड्राइवरों को नशीले पदार्थों की सप्लाई की जाती थी। वह पटना और गया से डोडा लाकर यहां खपाता था।












