HomeUncategorizedमेतिहारी : पहाड़पुर में बरगद की डाल गिरने से बाइक सवार किसान...

मेतिहारी : पहाड़पुर में बरगद की डाल गिरने से बाइक सवार किसान की दर्दनाक मौत, गांव में मातम।

Motihari | आशा कुमारी |

पूर्वी चम्पारण जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के सिसवा मलदहिया गांव के समीप निर्माणाधीन रेलवे लाइन के पास एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सिसवा मलदहिया निवासी जमादार सिंह के 40 वर्षीय पुत्र मनोज सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोज सिंह अपने खेत में रखे मक्का के बाल को बोरे में भरकर बाइक से घर ला रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वे पास ही स्थित एक बरगद के पेड़ के नीचे रुक गए। तभी अचानक पेड़ की एक मोटी डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे वे दब गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने शोर मचाया और मौके पर पहुंचकर उन्हें निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलने पर पहाड़पुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज बारिश और पुराने पेड़ों के नीचे खड़े होने के खतरे को उजागर कर दिया है।
गांव में हर ओर मातम का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। मालूम हो कि पिछले सप्ताह हरसिद्धि के गायघाट चौक के पास बरगद के मोटा डाल गिरने से मजदूर महेन्द्र महतो की मौत हो गयी थी।

Motihari painful-death-farmer-riding-bike-due-fall-banyan-branch-in-pahadpur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular