Bettiah, रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज। अनुमंडलीय अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और भारी अनियमितताओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी (ग्रामीण पश्चिमी) के मंडल अध्यक्ष सह प्रखंड कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष रंजन कुमार ओझा ने बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री को एक पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने अनुमंडलीय अस्पताल की लचर व्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बीस सूत्री अध्यक्ष ने अपने पत्र में कहा है की अस्पताल में प्रसव के बाद मरीजों के परिजनों से अवैध पैसे ऐंठे जाने की शिकायतें मिल रही हैं। यहाँ तक कि बच्ची के जन्म पर सरकार द्वारा मिलने वाली करीब 6,000 की सहायता राशि के भुगतान के नाम पर भी अवैध वसूली किया जा रहा है। इसके अलावे अस्पताल के प्रभारी कक्ष में एसी लगा हुआ है, जबकि सामान्य वार्डों के मरीजों को पंखों से भी पर्याप्त हवा नहीं मिलती। गर्मी में मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अस्पताल परिसर में शौचालय चालू न होने के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।वही अस्पताल में रेबीज का टीका उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को बैरंग वापस लौटना पड़ रहा है, जो सीधे तौर पर मरीजों की जान से खिलवाड़ है। भाजपा नेता रंजन कुमार ओझा ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी सिविल सर्जन को पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से अनुमंडलीय अस्पताल की समस्याओं पर उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जाँच कराने तथा अस्पताल में तमाम मूलभूत सुविधा और रेबीज के टीके की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की है।



