Bettiah, रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज। प्रखंड की पुरैनीया हरसरी पंचायत स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय हरसरी में अनियमितता और प्रभारी प्रधानाध्यापक की कथित उदंडता का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जाँच प्रतिवेदन के आधार पर स्थानीय मुखिया अजीत कुमार दुबे उर्फ बाला दुबे ने अनुमण्डल पदाधिकारी को आवेदन देकर शिक्षक के ऊपर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मुखिया ने पत्र में बताया है कि बीडीओ द्वारा उपलब्ध कराए गए जाँच प्रतिवेदन के अनुसार, विद्यालय का संचालन नियमित रूप से नहीं किया जा रहा है और विद्यालयों की पंजियों का संधारण भी सही ढंग से नहीं किया जा रहा है। आरोप है कि जाँच के दौरान प्रभारी प्रधान शिक्षक द्वारा अधिकारियों की उपस्थिति में स्थानीय मुखिया के साथ वाद-विवाद किया गया, धमकी दी गई तथा सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न की गई। मुखिया द्वारा इस संबंध में पूर्व में भी जिला व राज्य स्तर के अधिकारियों को पत्र प्रेषित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के व्यवस्था में सुधार और उक्त शिक्षक पर यदि तथ्यात्मक और ठोस कानूनी कार्रवाई जल्द नहीं की जाती है, तो उन्हें उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर करने के लिए विवश होना पड़ेगा। वही अनुमंडल पदाधिकारी अभिजीत कुमार गोविंदा ने बताया कि मामले में जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की करवाई की जाएगी।



