देश वाणी। आशा कुमारी।
मोतिहारी। तुरकौलिया प्रखंड क्षेत्र के शंकरसरैया उत्तरी पंचायत स्थित नव सृजित प्राथमिक विद्यालय, शेख शरण टोला में भारतीय भाषा समर कैंप 2026 के अंतर्गत आयोजित भाषा उत्सव का समापन समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। विद्यालय में पिछले सात दिनों से चल रहे इस समर कैंप में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
समारोह के दौरान अंताक्षरी, शब्द खेल, प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनकी अभिव्यक्ति क्षमता को भी विकसित करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर कैंप में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले कुल 22 छात्र-छात्राओं को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जितेंद्र कुमार एवं विद्यालय के प्रधान शिक्षक रवि कुमार मिश्र द्वारा प्रदान किया गया। बीईओ ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मौके पर शिक्षक जाफर अली, नूतन कुमारी, मोहम्मद नासेरुद्दीन व शिक्षा सेवक सुरेश बैंठा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।












