Motihari | अमृता वर्मा |
प्रशिक्षु डीएसपी कुमारी प्रियंका के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने दी दबिश, मौके से मोबाइल और आपत्तिजनक सामग्री जब्त।
मोतिहारी। छतौनी थाना क्षेत्र के चीनी मिल स्थित रेलवे लाइन के पास चल रहे देह व्यापार के अड्डे पर पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की हैं। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर प्रशिक्षु डीएसपी कुमारी प्रियंका के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर एक महिला सरगना सहित तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया हैं। पकड़ी गयी महिलाओं के पास से पुलिस ने मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की हैं। बताया जाता है कि इस धंधे में तकनीक का सहारा लेकर ग्राहकों से डिजिटल माध्यम (क्यूआर कोड) के जरिए पैसों का लेनदेन किया जाता था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे लाइन के समीप एक झोपड़ीनुमा मकान में अवैध देह व्यापार का धंधा संचालित हो रहा हैं। इस सूचना पर पुलिस निरीक्षक मृत्युंजय कुमार पासवान, राजीव रंजन और महिला थानाध्यक्ष सहित भारी संख्या में महिला पुलिस बल के साथ छापेमारी की गयी। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित लालमुनी देवी अपने मोबाइल पर क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे मंगवाती थी और फिर ग्राहकों से डील कर उन्हें बुलाती थी। मौके से पुलिस ने मोबाइल और अन्य सामग्री ज़ब्त की हैं। गिरफ्तार तीनों महिलाओं से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया हैं। विदित हो कि पूर्व में भी इस स्थल पर पुलिसिया कार्रवाई हो चुकी हैं। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य नेटवर्क को खंगालने में जुटी हैं।












