Motihari | अमृता वर्मा|
मोतिहारी। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में जमीन पर अवैध कब्जे और मारपीट के चर्चित मामलों में संलिप्त आरोपित विचारी राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे पिपराकोठी के समीप उस समय दबोचा, जब वह गोपालगंज से वापस लौट रहा था।
विचारी राय के विरुद्ध बासमनपुर गांव निवासी महापति देवी ने जबरन जमीन पर कब्जा करने और विरोध करने पर मारपीट व दुर्व्यवहार करने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने प्राप्त आवेदन के आधार पर रविवार को प्राथमिकी दर्ज की और सक्रियता दिखाते हुए आरोपित को धर दबोचा। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि विचारी राय के खिलाफ पूर्व में भी जमीन संबंधी कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
हाल ही में गोढवा में जमीन पर कब्जा करने का उसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था, जिसकी पुलिस जांच कर रही हैं। इस छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी कुमारी प्रियंका सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पूछताछ के उपरांत पुलिस ने आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया हैं।












