Bettiah| कुंदन शुक्ला |
घायल अजीत पासवान का जीएमसीएच बेतिया में चल रहा है उपचार।
घटनास्थल से दबिया, पिलास और छेनी बरामद, एफएसएल ने की जांच।
पुलिस ने मौके पर मौजूद दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया।
बेतिया। चनपटिया थाना क्षेत्र के ग्राम सिसवनिया में बुधवार को एक युवक को गोली लगने से इलाके में सनसनी फैल गई। घायल की पहचान रवीन्द्र पासवान के पुत्र अजीत पासवान के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज, बेतिया में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि घटना के समय घायल युवक के साथ दो अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों या स्थानीय लोगों ने घटना के बाद किसी बाहरी व्यक्ति को वहां से आते या जाते नहीं देखा है।
पुलिस को घटनास्थल से एक दबिया, एक पिलास और एक छेनी बरामद हुई है। प्रथम दृष्टया यह मामला किसी बाहरी हमले का नहीं, बल्कि लापरवाही का प्रतीत होता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ऐसा लग रहा है कि तीनों युवक बरामद औजारों की मदद से एक जिंदा कारतूस के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे और उसमें विस्फोट कराने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को पूछताछ के लिए अभिरक्षा में ले लिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है।
Bettiah | A bullet exploded during a tampering with a cartridge in Siswaniya, Chanpatiya, injuring a young man; two suspects are in police custody.












