देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन परिसर में आगजनी जैसी किसी भी आपात स्थिति से निपटने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को संयुक्त मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। आरपीएफ पोस्ट कमांडर भरत प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित इस ड्रिल में जीआरपी, सीटीटीआई और पूर्वी चंपारण अग्निशमन विभाग की टीमों ने दोपहर 12:00 बजे से 1:00 बजे तक आपसी तालमेल का प्रभावी प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल के दौरान स्टेशन पर अचानक आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई, जिसके बाद त्वरित आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र सक्रिय हुआ। इस अभ्यास में आरपीएफ, जीआरपी और रेल कर्मियों को आपात स्थिति की त्वरित सूचना देने, प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी करने, भीड़ को नियंत्रित करने तथा यात्रियों व कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, अग्निशमन दल द्वारा अग्निशामक यंत्रों के संचालन का सजीव प्रदर्शन कर उपस्थित कर्मियों को उनके सुरक्षित और प्रभावी इस्तेमाल की बारीकियों से अवगत कराया गया।
आरपीएफ पोस्ट कमांडर भरत प्रसाद ने बताया कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में गोल्डन ऑवर के भीतर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना, सुरक्षा बलों के बीच समन्वय को मजबूत बनाना और कर्मचारियों में उच्च स्तरीय सुरक्षा जागरूकता पैदा करना है। सभी संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी और निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन के साथ यह मॉक ड्रिल पूरी तरह सफल रही।




