रामगढ़वा: बुधवार को रामगढ़वा रैक प्वाइंट का समस्तीपुर के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सीनियर डीओएम) विजय प्रकाश ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने 6 नंबर ट्रैक पर लगे चिप्स लोड बीसीएन रैक का जायजा लिया। इस दौरान चिप्स व्यवसायी संघ ने सीनियर डीओएम से मिलकर अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को रखा।
व्यवसायियों ने बताया कि 6 नंबर ट्रैक पर जगह के अभाव के कारण चिप्स अनलोड करने में भारी परेशानी आ रही है। ओएचई पोल बोगी के ठीक सामने आ जाने से अनलोडिंग बाधित होती है और पूर्व में लोडर के पोल से सटने पर रेलवे द्वारा एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है। इसके अलावा रैक प्वाइंट का सरफेस भी कई जगहों पर जर्जर हो चुका है, जिससे मजदूरों को काम करने में कठिनाई होती है। साहेबगंज से रामगढ़वा पहुँचे सिंह कंस्ट्रक्शन कंपनी के चिप्स रैक का डिमरेज चार्ज (डीसी) लगने से व्यवसायियों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।
समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सीनियर डीओएम विजय प्रकाश ने 6 नंबर ट्रैक के पास पड़े पत्थरों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आरपीएफ डिप्टी कमांडेंट राजेश सिन्हा, आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय चौधरी, स्टेशन अधीक्षक रामेश्वर, रेलवे मालबाबू सेराजुल हक, अभिमन्यु कुमार सहित अन्य रेलवे कर्मी उपस्थित रहे।




