रामगढ़वा : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार और ‘चलो पंचायत चलो वार्ड’ कार्यक्रम के तहत रामगढ़वा प्रखंड कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक और वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम स्थानीय कांग्रेस नेता विनोद ओझा के आवास पर संपन्न हुआ, जिसमें पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने पर विशेष मंथन किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रो. अखिलेश दयाल उपस्थित रहे। ‘चलो पंचायत चलो वार्ड’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी की रीढ़ माने जाने वाले सभी पुराने और वरिष्ठ कांग्रेसियों को अंग वस्त्र देकर भव्य रूप से सम्मानित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं का संघर्ष और समर्पण ही कांग्रेस की असली ताकत है, जिन्हें साथ लेकर ही आगामी राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में पूर्व उप प्रमुख अनिल तिवारी, जीवन दुबे, पूर्व आरडीडी ब्रजेश ओझा, गिरिसदेव ओझा, विनोद पांडे, उमेश पाठक, मेजबान विनोद ओझा, नफीस आलम, मुरारी ओझा और बीरेन्द्र झा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर कांग्रेस की नीतियों और जनहित के संदेश को हर पंचायत और वार्ड तक पहुंचाने का संकल्प लिया।




