-विभिन्न स्कूलों में हुआ कार्यक्रम का आयोजन
माला सिन्हा
पीपराकोठी : 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, एसएसबी द्वारा गुरुवार को प्रफुल्ल कुमार, कमांडेंट के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संविधान दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इस अवसर पर बल मुख्यालय के निर्देशानुसार वाहिनी मुख्यालय एवं सभी बाह्य सीमा चौकियों पर संविधान दिवस पूरे सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाया गया. कार्यक्रम के अंतर्गत वाहिनी मुख्यालय में सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया. साथ ही वाहिनी की सभी बाह्य सीमा चौकियों पर तैनात समस्त बलकर्मियों द्वारा भी संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों के प्रति अपनी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता दोहराई गई. संविधान दिवस के अवसर पर आम नागरिकों एवं विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संविधान जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया. इसी क्रम में राजकीय नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, कटकेनवा में संविधान दिवस जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण, संविधान सभा के योगदान, संविधान की प्रस्तावना तथा नागरिकों के मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के संबंध में सरल एवं सहज भाषा में जानकारी दी गई. विद्यार्थियों को बताया गया कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है तथा यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व के मूल्यों के साथ एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है. कार्यक्रम के माध्यम से सभी उपस्थित लोगों को संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों का सम्मान करने, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को बनाए रखने, सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने तथा देश के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया गया. वहीं राजकीय मध्य विद्यालय तेनुआ में संविधान दिवस पर प्रधानाध्यापक नागेंद्र राम की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसमें स्कूली बच्चों ने रंगोली, भाषण व क्विज प्रतियोगिता में भाग लिया. मौके पर एचएम नागेंद्र राम, शिक्षक मनोरंजन कुमार दुबे, अनुराधा कुमारी व रूबी कुमारी मौजूद थे.



