बैठक के दौरान सवालों के जवाबा देते गिरे मनरेगा पीओ, मची अफरा तफरी, बीडीओ ने इलाज के लिए भेजा।
Bettiah. रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज। प्रखंड सभाकक्ष में प्रमुख सुनैना देवी की अध्यक्षता एवं बीपीआरओ विवेक आर्या के संचालन में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान एक ओर जहां विभागीय समीक्षा में जनप्रतिनिधियों का आक्रोश देखने को मिला, वहीं अत्यधिक गर्मी और उमस के कारण अस्वस्थ मनरेगा पीओ जितेंद्र कुमार सवालों का जवाब देते समय अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। इन दौरान सदन में कुछ देर के लिए अफरा तफरी मच गई। हालांकि बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने त्वरित पहल करते हुए उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है। इस घटना से कुछ देर के लिए बैठक प्रभावित रहा। वही बैठक में खाद, बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वच्छता से जुड़े मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को जमकर घेरा, सदस्यों ने आरोप लगाया कि सरकारी आदेशों के बावजूद बाजारों में 500 से 600 रुपये में यूरिया बेचा जा रहा है। विद्यालयों की जांच पर उठे सवाल पर बीईओ ने बताया कि 42 स्कूलों की जांच में गड़बड़ी मिलने पर 20 पर कार्रवाई की गई है और भविष्य की शिकायतों पर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में केसरिया पंचायत के अधिकांश वार्डों में बंद पड़े सोलर स्ट्रीट लाइटों को अविलंब ठीक कराने और लापरवाह एजेंसी पर कार्रवाई का प्रस्ताव लिया गया। मुखिया राहुल जायसवाल ने स्वच्छता कर्मियों का लंबे समय से लंबित मानदेय जारी करने की मांग की, जबकि विधायक प्रतिनिधि चंदन साह ने जेम पोर्टल से खरीदे गए लाखों के स्वच्छता उपकरणों की जांच की मांग उठाई। वही शौचालय भुगतान, आवास सूची में लाभ जोड़ने को लेकर 2000 से 3000 की उगाही करने का मामला सामने आया। विधायक प्रतिनिधि ने कहा कि योग्य लाभुक आज भी भटक रहे है। और पक्के मकान वालो का नाम सूची में जोड़ा गया है। रखही चंपापुर में सड़क निर्माण, नहर उप वितरणी की सफाई और साइफन निर्माण की मांग प्रमुखता से उठी। इसके अलावा रखही में बिजली पोल लगाने, बिना मीटर लगाए भारी-भरकम बिल भेजने और रूपवलिया में जला हुआ ट्रांसफार्मर एक सप्ताह बाद भी न बदलने पर बिजली विभाग के प्रति गहरा असंतोष व्यक्त किया गया।
प्रमुख सुनैना देवी ने बताया कि पंचायत समिति के बैठक में सभी विभागों से प्रस्ताव लिया गया है। इस दौरान आवास योजना और स्वच्छता, बिजली, आंगनबाड़ी समेत कई विभागों में लापरवाही की बात सामने आई है। सभी विषयो पर प्रस्ताव लिया गया है। प्रमुख ने सदन में लिए गए प्रस्ताव पर करवाई करने का निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियो को दिया है। वही बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने पूर्व में लिए गए प्रस्ताव के निष्पादन में लापरवाही को लेकर नाराजगी जताया है। बीडीओ ने कहा कि पूर्व व वर्तमान में लिए गए प्रस्ताव का ससमय निष्पादन करने का निर्देश सभी विभाग निदेश दिया जा रहा है। इसके साथ ही बैठक में अनुपस्थित रहने वाले विभाग से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है।












