Bettiah।रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर बुधवार को एसएसबी कैम्प में रोटरी क्लब और रोटरेक्ट क्लब, द्वारा एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जीएमसीएच बेतिया के सहयोग से आयोजित इस शिविर में एसएसबी 44वीं बटालियन, के 30 जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान कर मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण पेश किया। शिविर का विधिवत उद्घाटन एसएसबी 44वीं बटालियन के सह-सेनानायक अजय कुमार सिंहा, विनय और ज्ञानेंद्र द्वारा स्वयं रक्तदान कर किया गया। सेनानायक बलवंत सिंह नेगी के आह्वान पर बटालियन के 30 जवानों ने रक्तदान में भाग लिया।
इस दौरान जीएमसीएच बेतिया के डॉ. जीत बंधन कुमार के नेतृत्व में चिकित्सीय दल ने सभी जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह की प्रक्रिया पूरी की। क्लब के सचिव प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 1 जुलाई को राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस महान चिकित्सक और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय की जयंती और पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। उनकी स्मृति में ही रोटरी क्लब ने इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया है।क्लब के अध्यक्ष वर्मा प्रसाद ने जवानों के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिलता है। कार्यक्रम के अंत में सेनानायक बलवंत सिंह नेगी द्वारा रक्तदान करने वाले सभी जवानों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
शिविर के सफल संचालन में प्रो. एन.डी. ओझा, डॉ. अवध किशोर सिंह, इंजीनियर उमेश जायसवाल, अवध किशोर सिंहा, कृष्ण कुमार पाठक, कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार, शौख लाल जयदयाल, मणिभूषण श्रीवास्तव, कुणाल राय, रोटरेक्ट क्लब के अध्यक्ष अंबुज श्रीवास्तव, शशिभूषण कुमार, सुमित कुमार गुप्ता, निशांत कुमार और आदित्य प्रकाश सहित कई सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।












