-आंगन मिलन कार्यक्रम में विधायक ने बच्चों के बीच स्टेशनरी सामग्री बांटी
फोटो : राष्ट्रीय पोषण माह सह आंगन मिलन कार्यक्रम में विधायक प्रमोद कुमार व अन्य
माला सिन्हा
पीपराकोठी : प्रखंड क्षेत्र के सूर्यपुर एवं पंडितपुर में आंगनवाड़ी केंद्र पर मंगलवार को 9वां राष्ट्रीय पोषण माह सह आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक प्रमोद कुमार, मुखिया संतोष शर्मा, उपप्रमुख योगी मांझी एवं सीडीपीओ संगीता कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान बेहतर कार्य करने वाली सेविका एवं सहायिका को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रमोद कुमार ने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव स्वस्थ बचपन से रखी जाती है. बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है. आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से सरकार की पोषण योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कुपोषण को दूर करने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ परिवार और समाज की भागीदारी भी जरूरी है. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के खान-पान, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान देने की अपील की. विधायक ने कहा कि पौष्टिक आहार, स्वच्छता और जागरूकता को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर ही कुपोषण पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है. इस मौके पर विधायक प्रमोद कुमार ने बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल सहित अन्य स्टेशनरी सामग्री का वितरण किया. सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली. उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्र आने और पढ़ाई के प्रति रुचि रखने के लिए प्रेरित किया. सीडीपीओ संगीता कुमारी ने पोषण माह के उद्देश्य एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित गतिविधियों की जानकारी दी. उन्होंने सेविका एवं सहायिकाओं से बच्चों और महिलाओं तक पोषण संबंधी संदेश पहुंचाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. कार्यक्रम में बच्चों एवं महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं. मौके पर महिला पर्यवेक्षिका रिंकी शुक्ला, राजकिशोर सिंह धर्मवीर महतो सहित सेविका, सहायिका एवं ग्रामीण मौजूद थे.



