नदी किनारे बसे ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह।
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ के मद्देनजर मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न संवेदनशील इलाकों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम अभिजीत कुमार गोविन्द, सीओ आशु रंजन और बीडीओ संजीव कुमार की टीम ने कई गांवों और बस्तियों में पहुंचकर जलजमाव, आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
अधिकारियों ने लौरिया, सिसवनिया, बरवा, नुनिया टोला, बेलवा लखनपुर, मटियरिया दलित बस्ती, बघलोचना, सुअर छाप और जमुनिया सहित अन्य इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली गई।
प्रशासनिक टीम ने सीकरहना और बोलोर नदी के किनारे बसे गांवों में विशेष रूप से स्थिति देखी। अधिकारियों ने ग्रामीणों को नदी के जलस्तर में वृद्धि होने पर सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई।
एसडीएम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे बाढ़ को लेकर किसी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करें। किसी भी आपात स्थिति या परेशानी की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को भी लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।



